महेशमुंडा-गिरिडीह मार्ग पर दौड़ती टाटा मैजिक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान।
SHIKHAR DARPANSaturday, June 27, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह: महेशमुंडा से गिरिडीह की ओर आ रही एक टाटा मैजिक में शनिवार को पांडेडीह मोड़ के समीप अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
बाद में दमकल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की चपेट में आने से टाटा मैजिक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या वाहन में आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है। संबंधित मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चालक वाहन से बाहर नहीं निकलता और दमकल समय पर नहीं पहुंचती, तो घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।