मुहर्रम पर्व पर प्रशासन पूरी तरह रहा मुस्तैद, देर रात तक उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने किया शहर का भ्रमण, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का लिया जायजा।
SHIKHAR DARPANSaturday, June 27, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क रहा। उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार तथा उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने देर रात्रि तक शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न जुलूस मार्गों, चौक-चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान नगर आयुक्त, विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता, वैभव कुमार सिंह,आईएस प्रशिक्षु, यश कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान जिला नियंत्रण कक्ष से पूरे जिले में संचालित मुहर्रम जुलूसों, ताजिया जुलूसों एवं अन्य गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की गई। विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं पर प्रशासन द्वारा सतत निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने जिलेवासियों से सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है तथा इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन की सतत निगरानी, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी तथा जिलेवासियों के सहयोग एवं अनुशासन के कारण मुहर्रम पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हो रहा है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।