Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में सड़क हादसा: रेलिंग से टकराई बाइक, तीन युवक गंभीर रूप से घायल।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह–डुमरी मुख्य पथ पर पीरटांड़ थाना क्षेत्र के केंदुआडीह मोड़ के समीप रविवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, पंचायत समिति सदस्य योगेंद्र तिवारी तथा स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के कोरिया गांव निवासी दीपक तुरी, सुधीर तुरी और धर्मेंद्र तुरी के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पीरटांड़ की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान केंदुआडीह मोड़ के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को सड़क से उठाकर एंबुलेंस एवं अन्य साधनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पीरटांड़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, पीरटांड़ पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.