गिरिडीह में नर्सिंग होम में मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर थाना क्षेत्र के बक्सीडीह रोड स्थित एन.के. सिन्हा फीजियोथेरेपी नर्सिंग होम में मंगलवार सुबह एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रतन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के 28 नंबर निवासी राजकुमार पासवान के रूप में हुई है। वह नगर निगम में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार सोमवार को हाथ में दर्द की शिकायत होने पर उन्हें इलाज के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। मृतक के परिजनों ने नर्सिंग होम प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि एक महिला कंपाउंडर द्वारा गलत तरीके से इंजेक्शन लगाए जाने के कारण राजकुमार की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि देर रात हालत खराब होने पर वे मरीज को दूसरे स्थान पर ले जाना चाहते थे, लेकिन डॉक्टर नवीन कुमार सिन्हा ने मरीज की गंभीर स्थिति का हवाला देते हुए उन्हें ले जाने से मना कर दिया। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मरीज की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम परिसर में हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं नर्सिंग होम प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।