जमीन विवाद में गिरिडीह के रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या, पत्थर से हमला कर उतारा मौत के घाट।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 30, 2026
0
रामगढ़,शिखर दर्पण संवाददाता।
रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र स्थित बालसेग्रा गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गिरिडीह में पदस्थापित रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, हूल दिवस के अवकाश के अवसर पर बालेश्वर पटेल अपने पैतृक गांव बालसेग्रा आए हुए थे। मंगलवार सुबह वे अपनी जमीन देखने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल बालेश्वर पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हत्या की वजह जमीन विवाद प्रतीत हो रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।