श्री शिखरजी को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में स्वच्छता समिति की अहम बैठक, स्टील की बोतल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव ।
SHIKHAR DARPANSunday, June 28, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
श्री शिखरजी स्वच्छता समिति मधुबन की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मधुबन गेस्ट हाउस में समिति के अध्यक्ष तेजनारायण मेहता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पारसनाथ पहाड़ की स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त शिखरजी अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति की ओर से प्रस्ताव रखा गया कि प्रथम चरण में पारसनाथ पहाड़ की वंदना करने आने वाले श्रद्धालुओं को प्लास्टिक की बोतलबंद पानी लेकर पहाड़ पर जाने से रोका जाएगा। इसके स्थान पर समिति द्वारा न्यूनतम डिपॉजिट राशि पर निशुल्क स्टील की पानी की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालु द्वारा बोतल वापस करने पर जमा राशि भी लौटा दी जाएगी। समिति ने यह भी प्रस्ताव रखा कि स्थानीय दुकानदार प्लास्टिक की बोतल खोलकर पानी को समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई स्टील की बोतल में भरकर श्रद्धालुओं को दें तथा खाली प्लास्टिक बोतल को कचरा पेटी में डालें।
समिति इन एकत्रित प्लास्टिक की बोतलों को दुकानदारों से खरीदकर उनके उचित निस्तारण की व्यवस्था करेगी। समिति का मानना है कि इस पहल से पारसनाथ पहाड़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। बैठक में उपस्थित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए सुझाव एवं सहयोग की अपील की गई। सभी प्रतिनिधियों ने अभियान में सहयोग देने की सहमति व्यक्त की तथा पूरी कार्ययोजना लिखित रूप में उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इसके अलावा बैठक में समिति से जुड़े अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विभिन्न संस्थाओं की ओर से सुमन सिन्हा, कपिल चौगुले, तेरापंथी कोठी के प्रतिनिधि, तमिलनाडु भवन के प्रतिनिधि, तलेटी तीर्थ के प्रतिनिधि सुरेन्द्र महतो, समिति के सचिव भरत शाह, उपाध्यक्ष विद्याभूषण मिश्रा, अभिषेक कुमार, कैलाश अग्रवाल, दिलीप तूरी, रंजीत सिंह, संतोष जैन, नागेंद्र सिंह, झरी महतो, शैलेश जैन, संजय जैन, संतोष ठाकुर सहित अन्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।