Type Here to Get Search Results !

ट्रक और टेंपो की टक्कर में कई स्कूली बच्चे घायल, एक की हालत गंभीर।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जामताड़ा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कूली बच्चों से भरे टेंपो के बीच हुई टक्कर में कई बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या JH10AG-0598 में सवार होकर कई स्कूली बच्चे अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलाटांड़ गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में सवार कई बच्चे घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में घोसको गांव निवासी पियूष कुमार वर्मा (8 वर्ष), पिता पप्पू वर्मा, गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायल बच्चों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। अहिल्यापुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक व उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा तथा स्कूल वाहनों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.