पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न गांवों में श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया मोहर्रम ।
SHIKHAR DARPANFriday, June 26, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न गांवों में मोहर्रम का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। प्रखंड के चिरकी, तेलियाबहियार,बरियापुर, खरपोका, तुइयो, सोबरनपुर, जमदाहा, महेशलिट्टी, करमाटांड़, नावाडीह, चिलगा, पदानाटांड़, दतेलवा, मंझलीडीह, एजीबाद, चिरुडीह सहित दर्जनों गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ताजिया जुलूस निकाले गए तथा अखाड़ों का आयोजन किया गया। पूरे दिन गांवों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग ताजिया जुलूस एवं अखाड़ा देखने के लिए जुटे। अखाड़ों में युवाओं और खिलाड़ियों ने लाठी, तलवार, फरसा एवं अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों द्वारा दिखाए गए एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतबों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया।
कई स्थानों पर पारंपरिक धुनों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरे, जहां लोगों ने अनुशासन और सौहार्द का परिचय दिया। मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पीरटांड़ बीडीओ मनोज मरांडी, सीओ ऋषिकेश मरांडी, एमओ परितोष कुमार, पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार बिष्ट, खुखरा थाना के अवर निरीक्षक नरेंद्र कुमार तथा हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार अपने-अपने दल-बल के साथ लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।प्रशासन की सतर्कता, जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा स्थानीय लोगों की समझदारी के कारण पूरे प्रखंड में मोहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी क्षेत्रवासियों और आयोजन समितियों का आभार व्यक्त किया।