Type Here to Get Search Results !

सड़क हादसे में मृत सुजीत कुमार गुप्ता के परिजनों से मिले मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा ।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा के समीप बीते दिनों हुए भीषण सड़क हादसे में पालगंज निवासी सुजीत कुमार गुप्ता की दर्दनाक मौत के बाद शुक्रवार को झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू शोकाकुल परिवार से मिलने पालगंज पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मंत्री ने परिजनों का ढांढस बंधाते हुए कहा कि राज्य सरकार और वे स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को निर्देश दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं मुआवजा राशि की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया जल्द पूरी कर पीड़ित परिवार को यथाशीघ्र सरकारी लाभ उपलब्ध कराया जाए। सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि परिवार के मुखिया के असमय निधन से जो अपूरणीय क्षति हुई है।

उसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार और समाज मिलकर इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के किरिया-कर्म सहित अन्य आवश्यक कार्यों में जो भी जरूरत होगी, उसमें उनकी ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इस दौरान मंत्री ने परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी भी ली और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए तथा हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए। मौके पर बीडीओ मनोज मरांडी, अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी, पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि बिरजू साव, पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी, झामुमो नेता नवीन भदानी, डब्ल्यू भदानी, ताज हसन, मोहरी समाज के आशीष राम, गोपाल राम सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत सुजीत कुमार गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.