एसआईआर-2026 के व्यापक जन जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय, सभी विभागों को दिए गए आवश्यक निर्देश।
SHIKHAR DARPANMonday, June 29, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। भारत निर्वाचन आयोग एवं झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशों के आलोक में 30 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले राज्यव्यापी जन जागरूकता अभियान एवं विशेष सोशल मीडिया अभियान को जिले में सफल बनाने हेतु सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्देशानुसार 30 जून 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक जिले में विशेष सोशल मीडिया जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम, यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर #JharkhandSIR हैशटैग के माध्यम से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां, जागरूकता संदेश एवं निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें तथा सही एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने निर्देश दिया है कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए एसआईआर-2026 से संबंधित प्रत्येक गतिविधि की सही, प्रमाणिक एवं समयबद्ध जानकारी आमजन तक पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा फर्जी सूचना को फैलने नहीं दिया जाएगा। सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली गलत एवं भ्रामक सूचनाओं पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी के लिए केवल निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी आम नागरिकों तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए। साथ ही बीएलओ द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी, जन जागरूकता गतिविधियों का विस्तार तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समावेशी निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। एसआईआर-2026 के माध्यम से प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाना, मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना तथा जनसहभागिता को बढ़ाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के प्रति जागरूक करने की अपील की।