जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर राजनीतिक दलों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित।
SHIKHAR DARPANMonday, June 29, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज समाहरणालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, धीरेंद्र कुमार एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी, पायल राज ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, श्रीमती अंजना भारती, निर्वाचन शाखा के अधिकारीगण एवं जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया, समय-सीमा, तकनीकी पहलुओं एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इसमें सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार, स्थानांतरण अथवा नाम सुरक्षित रखने हेतु गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरें, ताकि उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची-2026 में शामिल किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो नागरिक पहले से मतदाता सूची में दर्ज हैं, वे भी समय पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर अपने नाम का सत्यापन सुनिश्चित करें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं जिज्ञासाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने पर बल दिया गया।