Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में भाकपा माले का 14वां जिला सम्मेलन शुरू, सांसद सुदामा प्रसाद बोले– सम्मेलन जिले को देगा नई दिशा और दशा ।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता ।

मधुबन में रविवार से भाकपा माले का दो दिवसीय 14वां जिला सम्मेलन शुरू हो गया। सम्मेलन के पहले दिन बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक शामिल हुए। फुटबॉल मैदान में आयोजित सभा में करीब चार हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। यहां से लाल झंडों, बैनरों और गगनभेदी नारों के साथ विशाल रैली निकाली गई, जो मधुबन बाजार होते हुए मध्यलोक भवन पहुंची। रैली के दौरान शहीद बेदी पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरा के सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि गिरिडीह लंबे समय से वामपंथी आंदोलन और लाल झंडे का मजबूत गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 14वां जिला सम्मेलन संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ जिले की राजनीति को नई दिशा और दशा देगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं, जबकि गरीब, मजदूर, किसान, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग लगातार उपेक्षा का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने सभी वंचित वर्गों से एकजुट होकर लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि लाल झंडे को कमजोर करने की लगातार कोशिशें हुई हैं, लेकिन भाकपा माले का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मासस और भाकपा माले के विलय के बाद संगठन और अधिक मजबूत हुआ है तथा जिले में असंगठित मजदूरों और आम लोगों के मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया जा रहा है। सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि मजदूर, किसान, छात्र, नौजवान और महिलाओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई तेज करनी होगी। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया। महिला नेत्री जयंती चौधरी ने महिलाओं के अधिकारों पर जोर देते हुए एप्वा संगठन को पूरे झारखंड में मजबूत करने की आवश्यकता बताई। वहीं पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने कहा कि किसान, मजदूर और दबे-कुचले तबकों को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करना होगा।

राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाकपा माले लगातार जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है, जबकि अन्य राजनीतिक दल चुनाव के बाद जनता से दूरी बना लेते हैं। बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सबसे प्रभावी लड़ाई भाकपा माले लड़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन और जनआंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राज्य कमेटी सदस्य मनोज भक्त, इंकलाबी नौजवान सभा के महासचिव नीरज सिंह, परमेश्वर महतो, सीताराम सिंह, पूनम महतो, शेखर सुमन, उस्मान अंसारी, कन्हाई पांडेय सहित राज्य, जिला और प्रखंड स्तर के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता अजीत राय ने की, जबकि मंच संचालन अशोक पासवान ने किया। दो दिवसीय सम्मेलन में संगठन की आगामी रणनीति, जनसरोकारों के मुद्दों और जिले में आंदोलन को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.