गिरिडीह में दिनदहाड़े बड़ी वारदात: फर्जी GST अधिकारी बनकर 20 लाख के जेवरात लूटे, कारीगर को उठाकर ले गए साथ।
SHIKHAR DARPANWednesday, April 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के धनवार बाजार में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर आए आधा दर्जन बदमाशों ने करीब 20 लाख रुपये से अधिक के सोना-चांदी के जेवरात लूट लिए और मुख्य कारीगर को भी अपने साथ उठा ले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर एक स्कॉर्पियो वाहन से छह बदमाश धनवार बाजार स्थित नावाडीह स्टेट बैंक के समीप हरिहर साव की जेवर दुकान पर पहुंचे। इनमें एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था, जबकि अन्य काले कोर्ट-पैंट में थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए जांच के नाम पर बंगाली कारीगरों से पूछताछ शुरू कर दी।बदमाशों ने चालाकी से कारीगरों को झांसे में लेकर दुकान की अलमारी खुलवाई और उसमें रखे करीब 20 लाख से अधिक के कीमती जेवरात अपने बैग में भर लिए।
इसके बाद मुख्य कारीगर हरिहर साव को यह कहकर अपने साथ ले गए कि थाने में पूछताछ करनी है। बताया जाता है कि पूरी वारदात को महज 15 मिनट में अंजाम देकर सभी आरोपी फरार हो गए। फर्जी अधिकारी कारीगर को अपने साथ लेकर देवघर की ओर निकले और देवीपुर एम्स के पास उसे गाड़ी से धक्का देकर फेंक दिया, जिसके बाद वे जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस हरकत में आ गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद धनवार बाजार समेत पूरे क्षेत्र के व्यवसायियों में भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।