गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार गिरिडीह वन प्रक्षेत्र में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। वन क्षेत्र पदाधिकारी के नेतृत्व में यह अभियान बोराडीह सुरक्षित वन एवं ग्राम हिराडीह (थाना गिरिडीह मुफस्सिल) में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान बोराडीह सुरक्षित वन क्षेत्र में वन सीमा के भीतर पूर्व में बनाए गए खेत को अतिक्रमण मुक्त कराया गया और वहां ट्रेंच (खाई) काटी गई।
वहीं ग्राम हिराडीह में वन भूमि पर बने अर्धनिर्मित मकान को तोड़कर अवैध अतिक्रमण हटाया गया। इस अभियान में करीब दो एकड़ वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। मौके पर प्रभारी वनपाल अमर विश्वकर्मा, प्रधान वनरक्षी संजय कांत यादव, बिरेंद्र कुमार एवं सुरुचि कुमारी मौजूद रहे।