कुएं में गिरने से महिला की मौत, बचाने कूदे पति की भी गई जान – दो मासूम हुए अनाथ।
SHIKHAR DARPANFriday, March 27, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविन्दपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पार्वती देवी कुएं से पानी निकालने के दौरान अचानक फिसलकर कुएं में गिर गईं। पत्नी को बचाने के लिए उसके पति राजेंद्र मुर्मू बिना देर किए कुएं में कूद गया। हालांकि, गहरे पानी में डूब जाने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना के बाद दंपति के दो छोटे बच्चे—6 वर्षीय रसीका मुर्मू और 4 वर्षीय अंशु मुर्मू—अनाथ हो गए हैं। अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी उनके दादा मखनलाला मुर्मू और दादी पर आ गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।