Type Here to Get Search Results !

बेंगाबाद–मधुपुर मुख्य मार्ग के एनएच-114ए पर दर्दनाक हादसा: बाइक-जेसीबी टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा घायल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

बेंगाबाद–मधुपुर मुख्य मार्ग (एनएच-114ए) पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फिटकोरिया गांव निवासी इस्तखार अंसारी का 25 वर्षीय पुत्र इमामुल अंसारी और कोलहरिया टोला निवासी अफजल अंसारी का 22 वर्षीय पुत्र सोनू अंसारी एक ही बाइक पर सवार होकर बेंगाबाद से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घुठिया के समीप सामने से आ रही एक जेसीबी मशीन से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद दोनों युवक कुछ देर तक सड़क पर तड़पते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बेंगाबाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा दोनों घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के आग्रह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान इमामुल अंसारी की मौत हो गई, जबकि सोनू अंसारी का इलाज जारी है।घटना के बाद फिटकोरिया गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे और बाद में जेसीबी मालिक के घर पहुंचकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। स्थिति बिगड़ते देख बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने जेसीबी मशीन को जब्त कर थाना ले आई है तथा दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.