Type Here to Get Search Results !

डिलीवरी बॉय के साथ बेरहमी से मारपीट, दर्जनों लोगों ने घेरकर पीटा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

शहर के मौलाना आज़ाद चौक पर मंगलवार को एक डिलीवरी बॉय के साथ हुई मारपीट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। भंडारीडीह निवासी 22 वर्षीय अभिजीत कुमार, जो ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता है, अपने काम के दौरान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर ग्राहक से बात कर रहा था। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब अभिजीत ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बाइक सवार ने पहले उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।

देखते ही देखते दर्जनों लोगों ने मिलकर अभिजीत की जमकर पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए वह पास के ट्रैफिक पोस्ट में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने उसे वहां से भी बाहर खींच लिया और फिर से मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल अभिजीत को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.