हजारीबाग में अंधविश्वास की बलि चढ़ी मासूम: मां समेत तीन गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANThursday, April 02, 2026
0
हजारीबाग (विष्णुगढ़),शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुम्बा गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एक मासूम बच्ची की हत्या अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर कर दी गई। मामले का खुलासा करते हुए एसपी अंजनी अंजन ने प्रेसवार्ता में पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि कुसुम्बा गांव स्थित मिडिल स्कूल के पीछे बांस झाड़ी में एक बच्ची का शव पड़ा है। जांच में सामने आया कि बच्ची 24 मार्च की रात मंगल जुलूस के दौरान लापता हो गई थी। इस मामले में मृतका की मां रेशमी देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद एसआईटी टीम गठित कर जांच शुरू की गई। *जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा:- शुरुआत में इस मामले को दुष्कर्म और हत्या माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई, वह बेहद भयावह थी। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हत्या उसकी अपनी मां ने अंधविश्वास में आकर की। बताया गया कि गांव की शांति देवी उर्फ भगतिनी (55 वर्ष), जो तंत्र-मंत्र करती थी, ने रेशमी देवी को यह विश्वास दिलाया कि उसके मानसिक रूप से बीमार बेटे को ठीक करने के लिए किसी कुंवारी लड़की की बलि देना आवश्यक है। इसी बहकावे में आकर मां अपनी ही बेटी की बलि देने को तैयार हो गई।
*पूजा के नाम पर रची गई साजिश:- 24 मार्च की शाम मंगल जुलूस के दौरान रेशमी देवी अपनी बेटी को लेकर भगतिनी के घर पहुंची। वहां पहले पूजा-पाठ किया गया, फिर रात करीब 9:30 बजे बच्ची को बांसबाड़ी ले जाया गया। वहां आरोपी भीमा राम (45 वर्ष) ने बच्ची का गला घोंट दिया, जबकि मां ने उसके हाथ-पैर पकड़कर इस जघन्य अपराध में साथ दिया। हत्या के बाद भी दरिंदगी नहीं रुकी—बच्ची के सिर पर पत्थर से वार कर शव को क्षत-विक्षत किया गया और खून से तंत्र-मंत्र की क्रिया की गई। *मामले में तीनों आरोपी गिरफ्तार:- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भीमा राम, मृतका की मां रेशमी देवी और भगतिनी शांति देवी को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी कुसुम्बा गांव के ही रहने वाले हैं। *एसआईटी की अहम भूमिका:- इस पूरे मामले के खुलासे में एसआईटी टीम की अहम भूमिका रही। तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।