नशे में धुत युवकों का हाई वोल्टेज ड्रामा: दुर्घटना के बाद पिस्टल लहराई, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दो को दबोचा।
SHIKHAR DARPANSunday, April 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शराब के नशे में धुत चार कार सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। सड़क दुर्घटना के बाद पिस्टल लहराने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फिल्मी अंदाज में पीछा कर दो युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक ब्लू रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से पालमो की ओर से गिरिडीह आ रहे थे। इसी दौरान बंदरकुप्पी के समीप उनकी कार एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कार सवारों को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुद को घिरता देख युवकों ने पिस्टल निकालकर लहराना शुरू कर दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। स्थिति बिगड़ते देख सभी युवक कार लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस हरकत में आई और वाहन का पीछा शुरू किया।
भागने के दौरान युवकों ने तेज रफ्तार में दो अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी। काफी मशक्कत के बाद पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी के पास पुलिस ने वाहन को रोक लिया। कार में सवार चार में से दो आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि दो को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान बिहार के सिवान जिले के महाराजगंज निवासी नरेश सिंह और नितेश सिंह के रूप में हुई है। इनमें से एक युवक अत्यधिक नशे की हालत में था, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरे से पचंबा थाना में पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को देखते ही युवकों ने चलते वाहन से पिस्टल फेंक दी थी। हालांकि सर्च अभियान के बावजूद अब तक हथियार बरामद नहीं हो सका है। मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि पहले सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी, बाद में पिस्टल लहराने की बात सामने आई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और दो आरोपियों को पकड़ लिया। फिलहाल फरार युवकों की तलाश जारी है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।