गांडेय-गिरिडीह में संगठन मजबूत करने में जुटी माले, लाल झंडे के गढ़ बनाने का लक्ष्य।
SHIKHAR DARPANSunday, April 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भाकपा माले ने गांडेय और गिरिडीह विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का अभियान तेज कर दिया है। पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य दोनों विधानसभा क्षेत्रों को लाल झंडे के गढ़ में तब्दील करना है। इसी कड़ी में रविवार (12 अप्रैल) को गांडेय प्रखंड के चिहुटिया गांव में एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा प्रभारी पूरन महतो, गांडेय प्रभारी उस्मान अंसारी, माले नेता कन्हाई पांडेय सहित कई प्रखंड और जिला स्तरीय नेता मौजूद रहे। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए नेताओं ने स्वीकार किया कि पिछले 15-20 वर्षों में संगठन का अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया है। सेकेंड और थर्ड लाइन लीडरशिप तैयार करने में कमी रही, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा। जिला व विधानसभा स्तर पर नई जिम्मेदारियों का बंटवारा भी किया गया। गांडेय विधानसभा क्षेत्र और गिरिडीह शहर में कई नेताओं को अतिरिक्त प्रभार सौंपते हुए संगठन को वार्ड, बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करने का निर्देश दिया गया।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से हर गांव में बैठक कर सदस्यता अभियान चलाने और संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया। साथ ही यह भी कहा गया कि वैचारिक रूप से मजबूत राजनीति ही युवाओं का भविष्य तय करेगी, इसलिए युवाओं को सजग और संगठित करना जरूरी है। बैठक में पुराने नेताओं से भी पार्टी में लौटने की अपील की गई। नेताओं ने कहा कि जो कार्यकर्ता किसी कारणवश सक्रिय नहीं हैं, वे फिर से जुड़कर अपनी पहचान मजबूत करें। माले जिला सचिव अशोक पासवान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गिरिडीह, गांडेय और पीरटांड़ क्षेत्र में संगठन विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए लगातार जनता के बीच सक्रिय रहना होगा और किसी भी स्तर पर गैप नहीं देना चाहिए। उन्होंने पीरटांड़ क्षेत्र में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी अजीत राय और उनकी टीम को सौंपते हुए हर गांव तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।