Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में भोक्ता पर्व की धूम, आस्था में डूबे श्रद्धालु।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों भोक्ता पर्व की धूम मची हुई है। चैत्र और वैशाख माह में मनाया जाने वाला यह पारंपरिक पर्व मधुपुर, कुड़को और पालगंज समेत कई गांवों में श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।गुरुवार को मधुपुर गांव में भोक्ता पर्व का आयोजन संपन्न हुआ, जबकि कुड़को में यह पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, इस पर्व का आयोजन शिव मंदिरों में परंपरागत तरीके से किया जाता है, जिन्हें स्थानीय तौर पर “महादेव मंडा” के नाम से जाना जाता है।भोक्ता पर्व के दौरान श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए व्रत रखते हैं और मन्नत पूरी होने पर विशेष अनुष्ठान करते हैं।

मधुपुर में इस वर्ष कुल 36 श्रद्धालुओं ने व्रत रखा था, जिनका व्रत गुरुवार को पूर्ण हुआ। वहीं कुड़को में 385 श्रद्धालुओं ने व्रत रखा है। ये श्रद्धालु नियम और विधि-विधान के साथ बुधवार से ही मंदिर में प्रवेश कर अनुष्ठान कर रहे हैं।पर्व के दौरान गुरुवार रात से श्रद्धालु पीठ में किल (लोहे की सुई) लगाकर लकड़ी के झूले में झूलने की परंपरा निभाते हैं, जो इस पर्व की विशेष पहचान है। यह अनुष्ठान आस्था और भक्ति का अनूठा प्रतीक माना जाता है।ग्रामीणों का मानना है कि सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत इस पर्व के माध्यम से अवश्य पूर्ण होती है, इसी कारण बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.