झामुमो कार्यालय में मनाई गई अमर शहीद सिद्धो-कान्हू की जयंती, वीरों के बलिदान को किया गया नमन।
SHIKHAR DARPANSaturday, April 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्यालय में हूल क्रांति के महानायक अमर शहीद सिद्धो-कान्हू की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष राकेश सिंह रॉकी ने की। इस अवसर पर नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष राकेश सिंह रॉकी ने कहा कि सिद्धो-कान्हू केवल नाम नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष का प्रतीक हैं। उनके आदर्श आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि हूल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उन्होंने कहा कि सिद्धो-कान्हू का बलिदान हमें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना सिखाता है। प्रधान मुर्मू ने कहा कि शोषण मुक्त समाज का सपना ही इन वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। झामुमो हमेशा आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। कार्यक्रम में अभय सिंह, दिलीप रजक, मो. जाकिर, अनवर अंसारी, राकेश रंजन, अनुभव सिंह, वकील चौड़े, संजय वर्मा, तेजो मंडल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सिहोडीह निवासी प्रमोद स्वर्णकार, मोहन स्वर्णकार और विनोद स्वर्णकार ने झामुमो की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।