गिरिडीह में बड़ा हादसा टला: कालीबाड़ी चौक स्थित मकान के स्टोर रूम में लगी आग।
SHIKHAR DARPANThursday, April 02, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह शहर के कालीबाड़ी चौक में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल के चार मंजिला मकान की छत पर बने स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान मालिक पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल के अनुसार, उनका परिवार पहली मंजिल पर रहता है जबकि नीचे दुकान संचालित होती है। चौथी मंजिल की छत पर बने स्टोर रूम में घर और दुकान का कबाड़ सामान रखा हुआ था। इसी दौरान पड़ोसियों ने फोन कर छत पर आग लगने की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और तेज धुआं निकल रहा था।
परिजनों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि स्टोर रूम में तेल से भरा जनरेटर, इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड और तार रखे हुए थे। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। हालांकि स्टोर में रखा सामान जलकर खाक हो गया है।