सरिया में गर्मी शुरू होते ही बिजली संकट, ठेकेदारों पर लापरवाही का आरोप।
SHIKHAR DARPANSunday, April 05, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही सरिया नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने लगी है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही कटौती से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या विभागीय लापरवाही का नतीजा है। उनका आरोप है कि जो कार्य ठंड के मौसम में पूरा होना चाहिए था, उसे अब गर्मी की शुरुआत में किया जा रहा है, जिससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। साथ ही ठेकेदारों पर सस्ते और निम्न गुणवत्ता के केबल लगाकर केवल खानापूर्ति करने का भी आरोप लगाया गया है।इस मुद्दे को लेकर विद्युत संघर्ष समिति, सरिया ने कड़ी नाराजगी जताई है।
समिति के अध्यक्ष विशाल गंभीर, उपाध्यक्ष विनोद मंडल और सचिव जिम्मी चौरसिया ने गिरिडीह के उपायुक्त और विद्युत विभाग के महाप्रबंधक से मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगाए जा रहे केबल की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए और यह भी स्पष्ट किया जाए कि कार्य गर्मी के मौसम में ही क्यों कराया जा रहा है।समिति और सरिया बाजार के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सरिया में ही एक सहायता केंद्र खोलने की मांग भी उठाई गई है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए डुमरी और निमियाघाट का चक्कर न लगाना पड़े।