गिरिडीह में पेपर लीक मामले पर भाजपा का प्रदर्शन, सीएम का पुतला दहन।
SHIKHAR DARPANSunday, April 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में 150 अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को शहर में पदयात्रा निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पदयात्रा गिरिडीह के झंडा मैदान से शुरू होकर टावर चौक तक पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया। यह पदयात्रा जमुआ की भाजपा विधायक मंजू कुमारी के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रैली टावर चौक पहुंची, जहां विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदर्शन के दौरान विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार परीक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट तंत्र का नतीजा हैं, जिससे हजारों मेहनती युवाओं के सपनों पर पानी फिर रहा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। वहीं, पूरे प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा और स्थिति को नियंत्रण में रखा। पेपर लीक मामले को लेकर अभ्यर्थियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, साथ ही राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। अब सभी की नजरें राज्य सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।