झारखंड कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन, सीताराम रजक के मार्गदर्शन में जीते सिल्वर व ब्रोंज मेडल।
SHIKHAR DARPANThursday, April 02, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारत सरकार एवं भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की कबड्डी टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया महिला टीम ने उपविजेता बनकर सिल्वर मेडल हासिल किया। जबकि पुरुष टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर ब्रोंज मेडल अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में झारखंड टीम के मुख्य कोच के रूप में गिरिडीह जिले के सीताराम रजक की अहम भूमिका रही उनकी कुशल रणनीति और मार्गदर्शन का ही परिणाम रहा कि टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। अपनी खुशी जाहिर करते हुए सीताराम रजक ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और संघ के सभी पदाधिकारियों को दिया।उन्होंने कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन विपिन सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए। उनके समर्पण की सराहना की साथ ही संघ के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, सचिव मुकेश कुमार सिंह तथा अंतरराष्ट्रीय कोच तेजनारायण माधव का भी धन्यवाद किया।
महिला टीम के सहयोगी स्टाफ में सुविज्ञा कुमारी (टीम मैनेजर) और आलोक कुमार (रेफरी बोर्ड कन्वेनर) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया,टूर्नामेंट 30 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित हुआ। जिसमें झारखंड महिला टीम ने उड़ीसा और विदर्भ को हराकर फाइनल में जगह बनाई हालांकि फाइनल में उन्हें छत्तीसगढ़ से हार का सामना करना पड़ा और वे सिल्वर मेडल पर संतोष करना पड़ा। वहीं पुरुष टीम ने भी उड़ीसा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लेकिन छत्तीसगढ़ से हारकर तीसरे स्थान पर रहते हुए ब्रोंज मेडल जीता।झारखंड कबड्डी टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, खिलाड़ियों और आम लोगों द्वारा सीताराम रजक एवं टीम को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। सीताराम रजक ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।