पीरटांड़ में जर्जर सड़क से गैस आपूर्ति पर संकट, मरम्मत की मांग तेज।
SHIKHAR DARPANSaturday, April 04, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में गैस गोदाम तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति अब बड़ी समस्या बनती जा रही है। इस संबंध में प्रतिमा इंडेन ग्रामीण वितरक चिरकी के संचालक द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को आवेदन देकर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई है। आवेदन में बताया गया है कि गैस गोदाम तक जाने वाली सड़क काफी दिनों से टूटी हुई और जर्जर स्थिति में है, जिसके कारण गैस सिलेंडर लेकर आने वाले ट्रक गोदाम तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
इससे क्षेत्र में गैस आपूर्ति बाधित होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। आवेदन में प्रखंड प्रशासन से आग्रह किया गया है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द नाली की मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि गैस आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रह सके।वही संचालक ने बताया कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो सैकड़ों उपभोक्ताओं को गैस की भारी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि सड़क की स्थिति में सुधार होने तक वे ट्रक मंगाने में असमर्थ रहेंगे, जिसकी सूचना पूर्व में देना आवश्यक समझा।