पालगंज में 8 अप्रैल को लगेगा विशुआ मेला, नई कमेटी का गठन।
SHIKHAR DARPANSaturday, April 04, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज पंचायत अंतर्गत महादेव मंडा में 8 अप्रैल को विशुआ मेला का आयोजन किया जाएगा। मेला के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को महादेव मंडा स्थित शिव मंदिर परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में सर्वसहमति से पुरानी कमेटी को भंग कर नई कमेटी का गठन किया गया। नई कमेटी में रामप्रसाद महतो को अध्यक्ष, रामु कुमार को सचिव, रामचन्द्र राय को उपाध्यक्ष तथा गोविंद कुमार को उप सचिव चुना गया।
वहीं शंकर राम, कार्तिक राय, मोहन राय, राजू सिंह, दिनेश महतो और सरयू राय को सलाहकार बनाया गया है। बैठक में पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बताया कि महादेव मंडा स्थित शिव मंदिर में आयोजित होने वाला भोक्ता पर्व आस्था का प्रमुख केंद्र है, जिसकी शुरुआत 5 दिन पूर्व से ही हो जाती है। इस दौरान श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। चौथे दिन बुधवार को उपवास रखा जाएगा, जबकि रात में पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक विधियां संपन्न होंगी। इसके बाद बुधवार की सुबह विधिवत रूप से विशुआ मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।