Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, फुटपाथी दुकानदारों पर कार्रवाई।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से गिरिडीह नगर निगम द्वारा शनिवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान अंबेडकर चौक से शुरू होकर टावर चौक, कालीबाड़ी चौक होते हुए कचहरी रोड स्थित सदर अस्पताल गेट तक चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने कई फुटपाथी दुकानदारों का सब्जी, तराजू सहित अन्य सामान जब्त कर लिया। साथ ही दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सदर अस्पताल गेट के समीप खड़े दो ठेलों से संदिग्ध स्थिति में देशी शराब भी बरामद की गई। अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग को सूचना दे दी है और बरामद शराब की जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में सहायक उपनगर आयुक्त अशोक हसदा ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर शहर में लगातार अतिक्रमण हटाव अभियान चलाया जा रहा है। पहले दुकानदारों को समझाया गया, लेकिन नहीं मानने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने अभियान की सराहना करते हुए नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल अंबेडकर चौक से कालीबाड़ी चौक और कचहरी रोड तक सीमित रहती है, जबकि पदम चौक, शिव मोहल्ला और बड़ा चौक जैसे इलाकों में भी अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर निगम पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए मांग की कि पूरे शहर में समान रूप से अतिक्रमण चिन्हित कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.