Type Here to Get Search Results !

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहारी के पास सड़क हादसे में ठेला पर छोला-गुपचुप बेचने वाले एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान दासडीह निवासी प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के जीजा प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रिंस कुमार गांडेय के कोयरीडीह में आयोजित यज्ञ में छोला-गुपचुप बेचकर देर रात ठेला लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांडेय की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

उन्होंने बताया कि वे खुद बाइक से पीछे आ रहे थे। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में घायल प्रिंस को सदर अस्पताल गिरिडीह लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। धनबाद से स्थिति गंभीर देखते हुए उसे रांची भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.