Type Here to Get Search Results !

बिरनी के चरगो गांव में 53 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

बिरनी प्रखंड के चरगो गांव में एक 53 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान चरगो निवासी परमानंद राय के पुत्र दिलीप राय (53 वर्ष) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचे और पत्नी ललिता देवी तथा बेटी के साथ मारपीट की। इसके बाद ललिता देवी ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों की सलाह पर ललिता देवी अपनी बेटी के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गईं, जबकि दिलीप राय अपने कमरे में चले गए। इसी दौरान रात में उन्होंने गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब ललिता देवी की नींद खुली तो उन्होंने अपने पति को कमरे में फंदे से झूलता हुआ देखा।

इसके बाद तुरंत भरकट्टा ओपी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी अमन कुमार के निर्देश पर एसआई आनंदी प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जाता है कि शुरुआत में ग्रामीण शव को फंदे से उतारने में भी हिचकिचा रहे थे। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बेटा सूरत में रहकर काम करता है।
*क्या कहती है पुलिस:-
भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से झूलता हुआ पाया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.