गिरिडीह में सड़क हादसा में पालगंज निवास युवक की मौत, एक गंभीर घायल।
SHIKHAR DARPANFriday, April 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बदगुंडा मोड़ के पास शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीरटांड़ से मोटरसाइकिल सवार दो युवक गिरिडीह जा रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़क पर बदगुंडा मोड़ के समीप बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। मृतक की पहचान पालगंज के सुगवाटांड़ निवासी बासुदेव राय के पुत्र दीपक राय (19 वर्ष) के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान सुगवाटांड़ निवासी कार्तिक राय के पुत्र रौनक राय के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।