झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है,पीरटांड के दो परीक्षा केंद्र का अधिकारियों ने किया निरीक्षण।
SHIKHAR DARPANSaturday, April 18, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
19 अप्रैल को आयोजित होने वाली झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में आज डुमरी अनुमण्डल क्षेत्र अंतर्गत निर्धारित परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण अनुमण्डल पदाधिकारी डुमरी संतोष गुप्ता एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी डुमरी सुमित प्रसाद द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए पीरटांड़ प्रखण्ड में 02 (दो) तथा डुमरी प्रखण्ड में 04 (चार) परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी डुमरी संतोष गुप्ता ने सभी केंद्रों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा सुरक्षा संबंधी पहलुओं की विशेष रूप से जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में संबंधित केन्द्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित कर ली जाएं ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु प्रतिनियुक्त गश्ती दण्डाधिकारी, स्टेटिक दण्डाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें निर्देशित किया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। सभी केन्द्राधीक्षकों, गश्ती दण्डाधिकारियों एवं स्टेटिक दण्डाधिकारियों को यह निर्देश दिया गया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु सभी को सतर्कता बरतने को कहा गया। प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था दुरुस्त रहे तथा परीक्षार्थियों को एक सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त हो। वही इस दौरान उपरोक्त के अलावे डुमरी इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड सीओ ऋषिकेश मरांडी, पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सहित संबंधित विभाग के लोग उपस्थित रहे।