झारखंड में विकास के नाम पर मनमानी और लूट चरम पर- राजेश यादव/घाघरा चेक डैम का जायजा लेकर इसके निर्माण और उद्घाटन पर उठाए सवाल।
SHIKHAR DARPANSaturday, April 18, 2026
0
बेंगाबाद,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने हाल ही में उद्घाटन किए गए घाघरा चेक डैम का निरीक्षण किया और इसके निर्माण व उद्घाटन प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए। राजेश यादव ने कहा कि राज्य में विकास के नाम पर मनमानी, लूट और राजनीति हावी है। उन्होंने डैम स्थल पर लगाए गए शिलापट्ट को केवल औपचारिकता बताते हुए कहा कि इसमें आम लोगों के लिए जरूरी जानकारी जैसे निर्माण लागत, जल संग्रहण क्षमता, लाभान्वित क्षेत्र और निर्माण एजेंसी का विवरण तक नहीं दिया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिलापट्ट में केवल सत्ताधारी दल से जुड़े जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल किए गए हैं, जबकि कोडरमा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी और स्थानीय मुखिया वासुदेव यादव का नाम नहीं दर्शाया गया है। इसे उन्होंने राजनीति से प्रेरित और पंचायती राज व्यवस्था का अपमान बताया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए यादव ने कहा कि डैम की गहराई, ऊंचाई, बनावट और उपयोग किए गए पत्थरों की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने इस पूरे निर्माण कार्य की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि “ऑल इंडिया अग्रगामी किसान सभा” के नेतृत्व में बड़कीटांड़ और घाघरा के किसान जल्द ही बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे, क्योंकि इस डैम से किसानों को काफी उम्मीदें हैं। निरीक्षण के दौरान उनके साथ प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव, उपाध्यक्ष रामलाल मंडल, किसान सभा के राजेंद्र मंडल और सुखदेव गोस्वामी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।