Type Here to Get Search Results !

अंतरजातीय विवाह पर गिरिडीह में बवाल, सदर अस्पताल के पास हाई वोल्टेज ड्रामा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले में अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर बुधवार को सदर अस्पताल परिसर के समीप जमकर हंगामा देखने को मिला। ब्राह्मण परिवार के अजय पांडेय और दलित समुदाय की सुमन रविदास ने प्रेम संबंध को शादी में बदल लिया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद गहरा गया। जानकारी के अनुसार, धनवार थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय और सुमन के बीच करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध था। मंगलवार को अजय, सुमन से मिलने उसके घर पहुंचा, जहां परिजनों को दोनों के रिश्ते की जानकारी मिलते ही हंगामे के बीच दोनों की शादी करा दी गई। बुधवार को सुमन के परिजन दोनों को विधिवत कोर्ट मैरिज के लिए गिरिडीह लेकर पहुंचे। इसी दौरान सदर अस्पताल के पास अजय के परिजन भी पहुंच गए और शादी का विरोध करते हुए युवक को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे।इस दौरान अजय और सुमन दोनों साथ रहने पर अड़े रहे और परिवार के साथ जाने से इनकार कर दिया।

देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और नोकझोंक चलती रही। सुमन के परिजनों ने इस विवाह को स्वीकार करते हुए दोनों को अपने साथ रखने की बात कही, वहीं अजय के परिवार ने शादी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दबाव में यह विवाह कराया गया है और युवक को परिवार से मिलने नहीं दिया जा रहा। करीब एक घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद स्थिति तब शांत हुई, जब अजय के परिजन वहां से लौट गए। हालांकि उन्होंने इस विवाह को मानने से इनकार करते हुए आगे भी विरोध जारी रखने की बात कही। फिलहाल दोनों युवक-युवती साथ रहने पर अड़े हुए हैं और सुमन के परिवार के साथ हैं। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और अंतरजातीय विवाह को लेकर समाज में मौजूद खींचतान एक बार फिर सामने आई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.