पीरटांड़ में सरवाइकल कैंसर से बचाव को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित, किशोरियों को लगाया जाएगा टीका।
SHIKHAR DARPANSaturday, March 28, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी की अध्यक्षता में सरवाइकल कैंसर (बच्चेदानी कैंसर) से बचाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीओ ऋषिकेश मराड़ी,प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी शशिकांत प्रसाद, बीपीएम सरिता कुमारी,प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी बेसिल मरांडी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य संबंधित लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान बीडीओ मनोज मरांडी ने कहा कि सरवाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है, लेकिन समय रहते जागरूकता और टीकाकरण के माध्यम से इससे बचाव संभव है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि दिनांक 30 मार्च 2026 से 29 जून 2026 तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पीरटांड़ में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत उन किशोरियों को टीका लगाया जाएगा जिनकी आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और 15 वर्ष से कम है। अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन पंजीकरण (एंट्री) के माध्यम से की जाएगी, ताकि प्रत्येक लाभार्थी का रिकॉर्ड सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से रखा जा सके। इसके लिए अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी-अपनी बच्चियों को निर्धारित समय पर सीएचसी पीरटांड़ लेकर आएं और टीकाकरण अवश्य कराएं। बैठक में यह भी जोर दिया गया कि गांव-गांव तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र किशोरी इस महत्वपूर्ण टीके से वंचित न रहे। आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहिया और स्वास्थ्य कर्मियों को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। अंत में बीडीओ ने कहा कि यह अभियान बेटियों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक अहम कदम है और सभी के सहयोग से इसे सफल बनाया जाएगा।