मेयर जीत से उत्साहित जेएमएम ने किया सम्मान समारोह, मंत्री सुदिव्य ने भाजपा पर बोला हमला।
SHIKHAR DARPANSunday, March 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर निगम में मेयर सीट पर जीत के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) में उत्साह चरम पर है। रविवार को गिरिडीह स्थित पार्टी कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि शामिल हुए।समारोह में जिला अध्यक्ष संजय सिंह, जेएमएम नेता अजीत कुमार पप्पू तथा जेएमएम समर्थित वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित महापौर प्रमिला मेहरा और वार्ड पार्षदों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गिरिडीह की जनता ने जाति की राजनीति को नकारते हुए विकास के पक्ष में मतदान किया है।
उन्होंने दावा किया कि मेयर चुनाव जीतने के दूसरे ही दिन वे प्रस्तावित रिवर फ्रंट निर्माण योजना की फाइल पर हस्ताक्षर कर गिरिडीह लौटे हैं, जिससे शहर के विकास को गति मिलेगी।मंत्री ने कहा कि गिरिडीह में चारों धर्मों के बीच भाईचारा कायम है और इसे तोड़ने की कोशिश करने वालों से जेएमएम सख्ती से निपटेगा। उन्होंने दोहराया कि शहर के विकास और सामाजिक एकता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।वहीं महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि राज्य में “अबुआ सरकार” है और जनता के आशीर्वाद से जेएमएम हर मुद्दे पर भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।सम्मान समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पार्टी नेताओं ने इसे गिरिडीह में विकास की नई शुरुआत बताया।