Type Here to Get Search Results !

पारसनाथ पहाड़ी से भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद, नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान तेज।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह पुलिस द्वारा नक्सलियों के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान पारसनाथ पर्वत के तराई क्षेत्र से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार तथा सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट सुनीलदत्त त्रिपाठी को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाकर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी सीआरपीएफ 154 बटालियन कुमार ओम प्रकाश सिंह तथा सहायक कमांडेंट सी.एच. तोम्बा सिंह के नेतृत्व में जिला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़ी, कानेडीह के समीप सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान बीडीडीएस टीम की सहायता से नक्सलियों द्वारा गड्ढे में छुपाकर रखे गए हथियारों व अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों को बरामद कर विधिसम्मत तरीके से जब्त किया गया। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामदगी के आधार पर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।

*बरामद सामग्री :- 303 बॉल्ट एक्शन सिंगल शॉट राइफल – 11 पीस, 22 राइफल – 09 पीस, ग्रेनेड – 06 पीस, एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर – 01 पीस, एम्युनिशन बॉक्स – 01 पीस, चार्जर क्लिप – 30 पीस, इलेक्ट्रिक कॉपर वायर – 02 बंडल बरामद किया गए।
*अभियान में शामिल अधिकारी :-
उक्त कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओम प्रकाश सिंह, सहायक कमांडेंट सी.एच. तोम्बा सिंह के अलावा जीडी ओम प्रकाश, जीडी मनोज सोरेन सहित जिला पुलिस और सीआरपीएफ 154 बटालियन के जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.