Type Here to Get Search Results !

मधुबन मोड़ पर कार-बाइक की टक्कर में युवक की मौत/चालक फरार/पुलिस ने जब्त किया दोनों वाहन।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ थाना क्षेत्र के मधुबन मोड़ के समीप कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अलगुन्दा निवासी 25 वर्षीय रामेश्वर सोरेन (पिता– रवि लाल सोरेन) के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वर सोरेन अपने ससुराल दुधपनिया से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान मधुबन मोड़ के पास सामने से आ रही एक कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क पर ही गिर गई और युवक लहूलुहान हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पीरटांड़ पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिपेश कुमार मौके पर पहुंचीं और घायल को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है, जबकि कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। फरार चालक की तलाश जारी है और दुर्घटना की जांच की जा रही है।मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। इस हृदयविदारक घटना पर अलगुन्दा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य गुलमोहमद अंसारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश सिंह, युवा समाजसेवी ताज अंसारी तथा मुखिया संघ अध्यक्ष भगरत मंडल ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.