गिरिडीह में पत्रकारों पर हमला मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज, प्रेस क्लब ने की कड़ी कार्रवाई की मांगम।
SHIKHAR DARPANSunday, March 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर निगम चुनाव के दिन 23 फरवरी को वार्ड नंबर 18 में हुए विवाद के दौरान न्यूज कवरेज कर रहे पत्रकारों पर हुए हमले के मामले में नगर थाना ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर पत्रकारों और प्रेस संगठनों में रोष व्याप्त है।घटना के विरोध में गिरिडीह प्रेस क्लब की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें हमले की कड़ी निंदा की गई। इसके बाद प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त राम निवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार को ज्ञापन सौंपकर मामले से अवगत कराया तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। डीसी और एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।विदित हो कि 23 फरवरी को मतदान के दौरान वार्ड नंबर 18 में विवाद उत्पन्न हो गया था। विवाद के बाद एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा बक्शीडीह रोड स्थित डालमिया पेट्रोल पंप के समीप चौराहे पर रोड जाम कर प्रदर्शन किया गया।
जाम और हंगामे की सूचना पर पत्रकार घटनास्थल पर कवरेज के लिए पहुंचे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा युवकों के साथ मारपीट की जा रही थी। जब पत्रकार इस घटना का कवरेज करने लगे, तो असामाजिक तत्वों ने उन पर ही हमला कर दिया। पत्रकारों को घेरकर उनके साथ मारपीट की गई तथा उनका मोबाइल फोन और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।इस मामले में पत्रकार पियूष मिश्रा सहित अन्य पत्रकारों ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए राजू खान, मो. वसीम, मो. मिस्टर समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।घटना के बाद जिले के पत्रकारों में आक्रोश है और उन्होंने स्पष्ट कहा है कि प्रेस की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।