डुमरी में होली को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध।
SHIKHAR DARPANMonday, March 02, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
होली पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से सोमवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ डुमरी सुमित प्रसाद ने की।बैठक में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार तथा प्रभारी एसडीएम डुमरी संतोष गुप्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इसके अलावा प्रमुख डुमरी उषा देवी, प्रमुख पीरटांड़ सबिता टुडू, सीओ डुमरी शशिभूषण वर्मा, बीडीओ पीरटांड़ मनोज मरांडी, सीओ पीरटांड़ ऋषिकेश मरांडी, रेफरल अस्पताल डुमरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश महतो, पुलिस इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद, विभिन्न थाना प्रभारियों सहित जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में होली के अवसर पर डीजे के प्रयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने, संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती करने तथा अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।साथ ही आमजनों से अपील की गई कि होली शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं, किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग या अबीर न लगाएं तथा एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करें। वर्चुअल रूप से जुड़े डीसी एवं एसपी ने भी होली को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और सजग है। किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था अपने हाथ में न लें और आवश्यकता पड़ने पर 112 डायल कर सहयोग प्राप्त करें।