गिरिडीह स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएँ।
SHIKHAR DARPANThursday, March 26, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल के नए डीआरएम संग्रह मौर्य ने गुरुवार को स्पेशल बोगी से गिरिडीह रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन परिसर व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। स्टेशन पहुंचने पर स्टेशन प्रबंधक समेत रेलकर्मियों ने उनका भव्य स्वागत किया।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर नई सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम मौर्य ने बताया कि गिरिडीह स्टेशन से जल्द ही नई बोगियां जोड़ी जाएंगी। वहीं, गिरिडीह-मधुपुर पैसेंजर ट्रेन के समय पर संचालन में हो रही देरी को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल ट्रैक मरम्मत कार्य जारी है, जो एक-दो महीने में पूरा हो जाएगा। इसके बाद ट्रेन का परिचालन पूरी तरह सुचारू और समय पर होने लगेगा। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भावना जैन, आशीष कुमार सिंह, वरिष्ठ जनसंपर्क निरीक्षक (आसनसोल) और स्टेशन प्रबंधक एमडी जाकिर हुसैन सहित कई रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।