Type Here to Get Search Results !

लेवड़िया में प्लान्टेशन योजना पर फिर शुरू हुआ ट्रेंच कटाई कार्य, प्रशासन की निगरानी में चल रहा काम।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी प्रखंड के गुमगी पंचायत अंतर्गत लेवड़िया में वन विभाग द्वारा प्रस्तावित प्लान्टेशन योजना को लेकर चल रहा विवाद अब नए चरण में प्रवेश कर गया है। पूर्व में 11 फरवरी को ट्रेंच कटाई के दौरान हुए विवाद के बाद एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था के बीच कार्य शुरू कर दिया गया है। रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन के निर्देश पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी राजीव कुमार की उपस्थिति में वन विभाग की टीम निर्धारित स्थल पर पहुंची और ट्रेंच कटाई का कार्य पुनः प्रारंभ किया गया। कार्यस्थल पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।

वन क्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 सौ हेक्टेयर वन भूमि पर प्लान्टेशन की योजना के तहत ट्रेंच काटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में कुछ ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने के कारण कार्य बाधित हुआ था, लेकिन अब उच्च स्तरीय निर्देशों के बाद प्रशासन की निगरानी में काम दोबारा शुरू कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत फलदार पौधे लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इससे जहां एक ओर पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय समुदाय को भी भविष्य में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पूरी प्रक्रिया नियमों एवं सरकारी निर्देशों के अनुरूप ही आगे बढ़ाई जाएगी। मौके पर थाना प्रभारी रंजय कुमार, फॉरेस्टर अभिनीत राज सहित पुलिस जवान एवं वनकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.