Type Here to Get Search Results !

होली को लेकर हरलाडीह ओपी में शांति समिति की बैठक, भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

हरलाडीह ओपी परिसर में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख महेंद्र महतो ने की, जबकि संचालन ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने किया। बैठक में ओपी क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। दोनों समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए होली मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान अश्लील गानों एवं डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही नशे के सेवन से दूर रहने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।

अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी को कोई आपत्तिजनक गतिविधि नजर आए तो तुरंत प्रशासन को  इसकी सूचना दें।सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। प्रशासन ने यह भी बताया कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि सभी त्योहार आपसी एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं, इसलिए ऐसा कोई कार्य न करें जिससे सामाजिक समरसता प्रभावित हो।बैठक में समाजसेवी राधेश्याम मादक, मुखिया प्रतिनिधि जगदीश सोरेन, आमोद मादक, वीरेंद्र पंडित, अशोक हेम्ब्रम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.