Type Here to Get Search Results !

पालगंज के बजरंग मंदिर में हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का चौथा दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत पालगंज स्थित बजरंग मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का चौथा दिन भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन एवं मूर्ति महा स्नान कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भगवान बजरंगबली की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया।दैनिक पूजन के उपरांत भगवान की प्रतिमा का पूरे गांव में भव्य नगर भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। “जय श्री राम” और “जय बजरंग बली” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। नगर भ्रमण में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत शय्या अधिवास की विधि भी संपन्न की गई, जिसमें वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रतिमा को विश्राम हेतु स्थापित किया गया। संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान पंडित दीनदयाल पाठक एवं रामकिंकर उपाध्याय के सानिध्य में संपन्न हुआ।वहीं शाम को आयोजित रामचरितमानस कथा प्रवचन में वृंदावन से पधारे आचार्य अलकेश शरण पराशर ने राम-सीता विवाह प्रसंग पर भावपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने भगवान श्रीराम और माता सीता के आदर्श दांपत्य जीवन का वर्णन करते हुए समाज को मर्यादा, त्याग और समर्पण का संदेश दिया। प्रवचन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।आयोजन समिति के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.