Type Here to Get Search Results !

एक करोड़ का इनामी नक्सली सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली के मौत के साथ उत्तरी झारखंड के खासकर हजारीबाग व बोकारो में नक्सलियों का हुआ सफाया:- अमित शाह।

हजारीबाग,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षा बलों को सोमवार को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर बताया कि हजारीबाग जिले में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की जॉइंट टीम को एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान तीन बड़े नक्सलियों को ढेर करने में कामयाबी मिली।गृह मंत्री ने बताया कि इस अभियान में सबसे बड़ी उपलब्धि कुख्यात नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ परवेश के खात्मे के रूप में मिली, जिस पर सरकार ने 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सहदेव लंबे समय से झारखंड-बिहार की सीमा पर नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड माना जाता था और कई बड़ी वारदातों में उसकी संलिप्तता रही थी।

इसके साथ ही दो अन्य कुख्यात और इनामी नक्सलियों — रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बिरसेन गांझू उर्फ रामखेलावन को भी सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में मार गिराया। इन दोनों की तलाश पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को लंबे समय से थी।गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस सफल ऑपरेशन के बाद उत्तरी झारखंड, खासकर हजारीबाग व बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि बहुत जल्द पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त होगा।झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के अधिकारियों का मानना है कि इन बड़े नक्सली नेताओं के खात्मे से नक्सली संगठन की रीढ़ टूट गई है और क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में यह बड़ा कदम साबित होगा। स्थानीय लोग भी अब विकास और स्थिरता की उम्मीद कर रहे हैं।सुरक्षा बलों की इस उपलब्धि को नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.