हजारीबाग में नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, एक करोड़ के इनामी सहित तीन नक्सली ढेर।
SHIKHAR DARPANSunday, September 14, 2025
0
हजारीबाग,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस और कोबरा बटालियन को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। गोरहर थाना क्षेत्र के जंगल में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन शीर्ष नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ इनामी नक्सली सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश, 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेंब्रम और 10 लाख का इनामी वीर सेन गंझू शामिल हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हजारीबाग और गिरिडीह पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर नक्सलियों को चारों ओर से घेर लिया था। सुरक्षाबलों ने उन्हें आत्मसमर्पण का मौका भी दिया, लेकिन नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में तीनों नक्सली ढेर हो गए। सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मौके से तीन एके-47 रायफल और अन्य सामग्रियां भी जब्त की गई हैं।गौरतलब है कि मारा गया सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश नक्सलियों की केंद्रीय कमेटी का सदस्य था और उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। रघुनाथ हेंब्रम झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य था जिस पर 25 लाख का इनाम था, जबकि वीर सेन गंझू पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान नक्सल विरोधी लड़ाई में बड़ी उपलब्धि है और इससे क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर करारा प्रहार होगा।