11 सितंबर को भाजपा गिरिडीह प्रखंड मुख्यालय का करेगी घेराव, सीबीआई जांच समेत कई मांगों को लेकर होगा उग्र प्रदर्शन।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 10, 2025
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह द्वारा प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के निर्देश पर 11 सितंबर 2025 को गिरिडीह प्रखंड मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रभारी एवं भाजपा नेता सेवानिवृत्त इंजीनियर विनय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित तिथि को पूर्वाह्न 11:00 बजे आमबगान सिहोडीह में एकत्रीकरण होगा, जिसके बाद पदयात्रा के माध्यम से प्रखंड मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के दौरान आदिवासी नेता सूर्या हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर की जांच सीबीआई से कराने, नगरी के आदिवासियों की खेती योग्य रैयती जमीन को रिम्स-2 के लिए साजिशन हड़पने के प्रयास, राज्य में गिरती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार सहित कई स्थानीय मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन होगा।
इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश एवं जिला स्तर के सभी मोर्चों के पदाधिकारी, पूर्व विधायक, पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला समिति के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, भाजपा पूर्वी, मध्य व पश्चिमी भाग मंडल तथा नगर मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही गिरिडीह के सम्मानित नागरिक भी इस घेराव कार्यक्रम में भाग लेंगे।प्रदर्शन के उपरांत सभी मांगों से संबंधित ज्ञापन महामहिम राज्यपाल को प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से सौंपा जाएगा।भाजपा नेता विनय कुमार सिंह ने प्रखंड के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर पदयात्रा एवं घेराव कार्यक्रम को सफल बनाएं।