Type Here to Get Search Results !

मधुबन मेला मैदान में गूंजा मांदर की थाप, करम महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मधुबन के मधुबन स्थित पारसनाथ मकर संक्रांति मेला मैदान में बुधवार को करम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। आदिवासी संस्कृति और परंपरा को समर्पित इस महोत्सव में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। महोत्सव के मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो,जे एल के एम के जिला अध्यक्ष रॉकी कुमार उपस्थित हुए। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया तथा बुके भेंटकर सम्मानित किया।

*महिलाओं ने परंपरागत विधि-विधान से की पूजा:-
महोत्सव के दौरान प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आई महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर करमा वृक्ष की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने विधि-विधान के साथ गीत गाते हुए करमा पर्व की महत्ता बताई। करमा महोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। जिसमें महिलाओं व युवतियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक आदिवासी नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं, महिलाएं झूमर नृत्य में शामिल होकर मांदर की थाप पर थिरकती रहीं। पूरा मैदान लोकगीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से सराबोर हो उठा।पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और पूजा-अर्चना के बीच देर शाम तक माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। महोत्सव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लोक संस्कृति की जड़ें आज भी गांवों में गहराई तक बसी हुई हैं।

*विधायक ने कहा :- परंपराओं से जुड़ना गर्व की बात:-
डुमरी विधायक जयराम महतो ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि करमा महोत्सव हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान है। इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की। वही महोत्सव को सफल बनाने में सुरेंद्र महतो, गांजो महतो,मनोज कुमार अग्रवाल, नरेश महतो, दीपक कुमार समेत कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके प्रयास से कार्यक्रम पूरी तरह शांति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इधर कार्यक्रम को लेकर मधुबन थाना प्रभारी संजय कुमार व पीरटांड़ थाना प्रभारी दिपेश कुमार दल बल के साथ कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद दिखे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.