मिट्टी के घर में सो रहा था परिवार-आधी रात को घर की दिवार में आ गई दरार, बाल बाल बचा परिवार।
SHIKHAR DARPANMonday, August 25, 2025
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
मिट्टी के घर में सो रहा था परिवार तभी आधी रात को अचानक घर की दीवारों में आ गई मोटी दरार,दिवार को टूटते देख डरे - सहमे सभी लोग घर के बाहर भागे।यह घटना गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत पंदनाटांड गांव की है। जहाँ बीती रात छोटू मुर्मू पिता स्व लोदा मुर्मू के मिट्टी की घर की दिवार में अचानक दरार पड़ गई साथ ही दिवार टूटने लगी।यह देख परिवार के लोग डर गए और घर से बाहर भाग निकले। उक्त घर की स्थिति ऐसी है मानो अब - तब यह ध्वस्त हो जाए। परिवार के मुखिया छोटू मुर्मू ने बताया कि वे एक दिहाड़ी मजदूर हैं। रोजाना दिहाड़ी कर अपना परिवार चलाते हैं। उन्हें अबतक अबुआ आवास नहीं मिला है, प्रधानमंत्री आवास के लिए कर्मचारी ने जिओ टैग किया है लेकिन खाते में पैसे नहीं आए।
अब इस परिवार के सामने सबसे बड़ी मुसीबत रहने की है। दिन तो फिर भी कहीं गुजार लेंगे लेकिन रात को क्या? इस घर में रहना मतलब खतरे को दावत देने के समान है। इस गरीब परिवार ने पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों से जल्द योजना का लाभ दिलवाने की गुहार लगाई है।वहीं इस संबंध में तिसरी पंचायत के मुखिया किशोरी साव ने बताया कि छोटू मुर्मू का नाम अबुआ आवास में है। इसमें पंचायत को 134 आवास का टार्गेट मिला था। जिसमे मात्र 76 लोगों का पैसा आया है। छोटू मुर्मू का नाम 2024- 25 प्रतीक्षा सूची में है,किसी कारण इनका पैसा नहीं आया है। राज्य सरकार से जैसे ही फंड मिलेगा इनके भी खाते में पैसा जायेगा। तो वहीं उनका प्रधानमंत्री आवास का भी जियो टैग हुआ है। दोनो में जो पहले आवास का भुगतान होगा उन्हें कर दिया जायेगा। साथ ही दूसरे को डिलीट कर दिया जायेगा।